बेमेतरा में खाद की कमी से भड़के किसान, सड़क पर किया चक्काजाम- दो घंटे बाधित रहा आवागमन

बेमेतरा। रबी सीजन की शुरुआत में ही खाद की कमी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। मंगलवार को खाती सहकारी समिति में खाद वितरण में अनियमितता और कमी के आरोपों से नाराज़ किसानों ने बेमेतरा–थान खम्हरिया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। किसानों का आरोप है कि समिति ने यूरिया और डीएपी के वितरण के लिए उन्हें बुलाया था और इसके लिए पहले से ऋण पुस्तिका भी जमा कराई गई थी। लेकिन खाद वही किसानों को दिया गया, जिनकी ऋण पुस्तिका पहले जमा हुई थी। बाकी किसान जब पहुंचे तो स्टॉक खत्म हो चुका था।
किसानों ने समिति प्रबंधक और कर्मचारियों पर लेनदेन कर मनमाने तरीके से खाद देने का आरोप लगाया। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई और समय पर सभी किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में सैकड़ों किसान शामिल हुए।






