दुर्ग में आत्मानंद स्कूलों के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र का खुलासा, 11 संविदा शिक्षकों की ज्वाइनिंग पर मचा हड़कंप

दुर्ग। जिले के 11 आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों में संविदा शिक्षकों के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का मामला सामने आया है। जेपी नगर कैंप-2 स्थित स्कूल में एक महिला शिक्षिका के ज्वाइनिंग के लिए पहुंचने पर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
स्कूल की प्राचार्य सुधा कुर्रे को नियुक्ति पत्र संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने जिला शिक्षा विभाग से संपर्क किया। जांच में पता चला कि डीईओ कार्यालय से कोई नियुक्ति आदेश जारी ही नहीं हुआ था। इसके बाद महिला शिक्षिका वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी, जिससे पत्र के फर्जी होने की पुष्टि हो गई।
प्राचार्य की शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने एसपी कार्यालय और कोतवाली थाने में शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज करने का प्रतिवेदन दिया है। प्रारंभिक जांच में नियुक्ति पत्र के प्रारूप और पद विवरण में कई खामियां मिली हैं, जिससे इसे फर्जी या एडिटेड पाया गया है।
बताया जा रहा है कि हिंदी, गणित और वाणिज्य विषय के 11 शिक्षकों को 1 अप्रैल से अलग-अलग आत्मानंद स्कूलों में ज्वाइनिंग के आदेश जारी किए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि पैसा लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





