दुर्ग में बिहान योजना की राशि का गबन, 9 महिला समूहों से 6.19 लाख रुपए की ठगी

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में ग्राम कोटनी के 9 महिला स्व-सहायता समूहों की बिहान योजना की राशि का गबन सामने आया है। समूहों की राशि बैंक में जमा करने के बजाय बुक कीपर मनीता निषाद ने अपने पास रख ली। इस घोटाले में करीब 6 लाख 19 हजार 420 रुपए की ठगी हुई है।

पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता हेमकल्याणी साहू ने बताया कि मनीता निषाद विभिन्न समूहों में बुक कीपर के रूप में कार्यरत थी। महिला समूहों की सदस्याएं स्वरोजगार के लिए किस्तों में राशि जमा करती थीं, जिसे बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी मनीता निषाद की थी। लेकिन उसने यह राशि अपने पास रख ली।

बैंक ने 5 नवंबर 2023 को नोटिस जारी कर कई समूहों की किस्तें न जमा होने की जानकारी दी, जिससे मामला उजागर हुआ। फरवरी 2024 में ग्रामीण चौपाल में मनीता से राशि लौटाने के लिए कहा गया, लेकिन उसने 4 मार्च 2024 की रात को गांव छोड़कर फरार हो गई। करीब 17 माह बाद वह वापस लौट आई, तब महिलाओं ने फिर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

ठगी की गई राशि निम्नानुसार है:

  1. सरस्वती महिला स्व-सहायता समूह – 60,000
  2. मां बगदई महिला स्व-सहायता समूह – 1,44,000
  3. लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह – 40,000
  4. एकता महिला स्व-सहायता समूह – 1,92,000
  5. सखी महिला स्व-सहायता समूह – 10,400
  6. धनलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह – 33,000
  7. दुर्गा महिला स्व-सहायता समूह – 87,720
  8. गरिमा महिला स्व-सहायता समूह – 20,000
  9. प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह – 32,300
    कुल राशि: 6,19,420 रुपए

थाना पुलगांव पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वास भंग के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक से अभिलेख तलब किए जा रहे हैं और मनीता निषाद से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। महिलाओं का कहना है कि यह राशि स्वरोजगार और आजीविका के लिए थी, इसलिए गबन उनके लिए आर्थिक संकट का कारण बना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई