रायपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, 56 स्थानों पर अदा की गई नमाज

रायपुर: रमजान के पवित्र महीने के समापन के बाद पूरे शहर में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया। शहरभर में 56 स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गई, जहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और अल्लाह की इबादत की।
मुख्य मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी भीड़
लाखेनगर-बैरन बाजार ईदगाह, हलवाई लाइन जामा मस्जिद, छोटापारा और मौदहापारा की मस्जिदों समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
ईद की खुशियों को बांटने के लिए लोग सोशल मीडिया का भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। सुबह से ही व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म पर ‘ईद मुबारक’ के संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे त्योहार का उत्साह और भी बढ़ गया है।
विदेशी मेहमानों ने भी मनाई ईद
इस खास मौके पर नाइजीरिया और सूडान से आए विदेशी मेहमानों ने भी रायपुर में ईद की नमाज अदा की। ये मेहमान यहां पढ़ाई और व्यापार के सिलसिले में आए हुए हैं और उन्होंने रायपुरवासियों के साथ मिलकर ईद की खुशियां साझा कीं।
रायपुर में ईद का यह जश्न आपसी प्रेम और सौहार्द्र का उदाहरण बना, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए।





