राजीव भवन में ED की दबिश, कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री से की जा रही पूछताछ

रायपुर : छत्तीसगढ़ में इस वक्त बड़ी राजनीतिक हलचल मची हुई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दबिश दी है. जिससे हड़कंप मच गया है। ईडी के चार अधिकारी सुरक्षा बल के साथ पहुंचे और कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु से पूछताछ कर रहे हैं। इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है और अब अपनी सीमाएं लांघ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि ईडी क्या 150 करोड़ में बने बीजेपी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर की वित्तीय जांच करने का साहस दिखाएगी?

वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने इस छापे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईडी के पास कोई ठोस सबूत नहीं हैं, और यह सिर्फ नेताओं को परेशान करने का तरीका बन गया है। उन्होंने कहा,सालभर से छापा ही छापा पड़ रहा है, लेकिन ईडी के पास कोई प्रमाण नहीं है, यह केवल नेताओं को तंग करने का काम है। लोकतंत्र में ऐसा नहीं होना चाहिए, और हम इसकी निंदा करते हैं

जिसके जवाब में गृह मंत्री विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि ईडी अपनी कार्रवाई कर रही है और जो लोग भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं, उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “जो भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन्हें जेल जाना चाहिए। शराब घोटाला छत्तीसगढ़ के हर बच्चे-बच्चे को पता है, और जहां भ्रष्टाचार का पैसा लगा है, वहां ही ईडी की कार्रवाई हो रही है। विजय शर्मा ने यह भी कहा, कोई व्यक्ति बड़ा है तो उसके सामने कानून कभी छोटा नहीं होता।”

बता दें कि ईडी की यह कार्रवाई शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में हो रही है। इससे पहले ईडी ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा से पूछताछ की थी, जिसके बाद अब राजीव भवन में दबिश दी गई है.

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button