रायपुर समेत दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में ED की बड़ी कार्रवाई
कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक साथ कई जगहों पर छापेमारी शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य रूप से कृषि से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर केंद्रित है। रायपुर के शंकर नगर स्थित कारोबारी विनय गर्ग के आवास पर भी ED की टीम ने दबिश दी। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में अधिकारी गाड़ियों से पहुंचे और परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि टीम ने घर के भीतर दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की गहन जांच की। वहीं, दुर्ग और भिलाई में भी कुछ कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है। कृषि कारोबार के नाम पर पैसों के लेन-देन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान ED अधिकारी स्थानीय पुलिस की सुरक्षा घेरे में कार्रवाई कर रहे हैं। कई जगहों से दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किए जाने की खबर है। हालांकि अब तक ED की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अचानक हुई इस कार्रवाई ने राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में चर्चाओं का माहौल बना दिया है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से ही कई गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे और पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। माना जा रहा है कि यह छापेमारी पूरे दिन जारी रह सकती है।





