बलौदाबाजार में शुरू हुई उपभोक्ता मामलों की ई-हियरिंग, छत्तीसगढ़ बना देश का पहला राज्य

बलौदाबाजार। अब उपभोक्ता आयोग में मामले घर बैठे ही सुने जाएंगे। राज्य उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने शुक्रवार को बलौदाबाजार जिला उपभोक्ता आयोग में ऑनलाइन माध्यम से ई-हियरिंग की शुरुआत की। इस दौरान आयोग के सदस्य, रजिस्ट्रार और अन्य अधिकारी वर्चुअली जुड़े।

न्यायमूर्ति चौरड़िया ने बताया कि ई-हियरिंग से पक्षकार और वकील मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे समय, मेहनत और पैसे तीनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सभी जिला उपभोक्ता आयोग में डिजिटल सुनवाई की सुविधा मिलेगी। बलौदाबाजार 14वां जिला है जहां यह व्यवस्था शुरू हुई है।

जिला आयोग के अध्यक्ष छमेश्वर लाल पटेल ने कहा कि पहले से ही ई-फाइलिंग की सुविधा थी, अब ई-हियरिंग भी शुरू होने से उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा, खासकर औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां इसकी जरूरत ज्यादा थी।

कार्यक्रम के दौरान केशव वर्मा बनाम नेगमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड मामले की सुनवाई ऑनलाइन हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क पेश किए।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button