नशे में पिता का क्रूर चेहरा! मासूम बेटे और गर्भवती पत्नी को पीटा

बिलासपुर। शराब के नशे में एक पिता ने अपने दो साल के बेटे की सिर्फ सैंडल पहनने की बात पर जमकर पिटाई कर दी। बेटे की चीख-पुकार सुनकर बचाने आई गर्भवती पत्नी को भी पति ने बेरहमी से पीटा। कोटा पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहंदी निवासी प्रदीप बंजारे को शराब पीने की आदत है। 3 अक्टूबर की शाम को भी उसने जमकर शराब पी और रात करीब 8 बजे घर के बाहर जाने की तैयारी करने लगा। इस बीच उसने अपने 2 साल के बेटे दिशांशु को सैंडल पहनने के लिए कहा, लेकिन बच्चे ने मना कर दिया। इस छोटी सी बात पर प्रदीप गुस्से में आग-बबूला हो गया और सैंडल से ही अपने मासूम बेटे की पिटाई करने लगा।

बेटे की चीखें सुनकर उसकी मां सतरूपा बंजारे बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन गुस्साए पति ने उसे भी गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। पत्नी सतरूपा गर्भवती है। उसने किसी तरह बेटे और खुद को बचाया। इसके बाद प्रदीप जान से मारने की धमकी देकर घर से भाग निकला। घटना के बाद सतरूपा ने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। उनके सहयोग से कोटा थाने में पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रदीप बंजारे के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button