अंगदान को मिलेगा राजकीय सम्मान? विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सीएम साय को लिखा पत्र

रायपुर।छत्तीसगढ़ में अंगदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और मानवीय पहल सामने आई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मृत्योपरांत अंगदान करने वाले व्यक्तियों को “राजकीय सम्मान” देने की नीति पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया है।
डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में सर्वधर्म सेवा संस्था, भिलाई के अध्यक्ष सुरेश खांडवे की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में अंगदान की स्थिति बेहद चिंताजनक है। वर्तमान में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर केवल 0.34 प्रतिशत लोग ही अंगदान कर रहे हैं, जबकि आंख, किडनी और लीवर जैसे महत्वपूर्ण अंगों की कमी के कारण हर साल लाखों लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है।
उन्होंने कहा कि यदि अंगदान को सामाजिक सम्मान और सरकारी मान्यता दी जाए, तो लोगों को इसके लिए प्रेरित किया जा सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ अंगदान के मामले में कई राज्यों से पीछे है, जबकि तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों ने अंगदाताओं को राजकीय सम्मान देने का निर्णय लेकर सकारात्मक उदाहरण पेश किया है। इन राज्यों में इस फैसले के बाद अंगदान को लेकर जागरूकता और सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि छत्तीसगढ़ में अंगदान को सामाजिक स्वीकृति, सम्मान और नई प्रेरणा मिल सके।






