बिलासपुर के स्कूलों में डिजिटल शिक्षा की पहल, 1100 सरकारी विद्यालयों को मिलेंगे स्मार्ट टीवी

बिलासपुर। जिले में अब बच्चों की पढ़ाई होगी और भी रोचक और आधुनिक। शिक्षा को बढ़ावा देने और उसे मनोरंजक बनाने के लिए जन सहयोग के माध्यम से बिलासपुर जिले के करीब 1100 शासकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट टीवी लगाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में विकासखण्ड बिल्हा के 25 स्कूलों में आज स्मार्ट टीवी का वितरण किया गया। ये टीवी मंगल पावर एंड इस्पात बिल्हा के प्रबंधक नरेश अग्रवाल की ओर से प्रदान किए गए हैं। कुल 50 स्मार्ट टीवी दिए जाने हैं, जिनमें से पहले चरण में 25 विद्यालयों को आज सौंपे गए हैं, जबकि बाकी स्कूलों में जल्द ही टीवी लगाए जाएंगे।
बच्चों को अब डिजिटल और ई-क्लास के माध्यम से शिक्षा दी जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और सीखने का तरीका भी अधिक आकर्षक बनेगा।
इसके अलावा, सम्पर्क फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से भी जिले के लगभग 1100 विद्यालयों को निःशुल्क सम्पर्क टीवी डिवाइस उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनसे बच्चे मनोरंजक तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत बिलासपुर, कमिश्नर नगर निगम, डीएमसी समग्र शिक्षा बिलासपुर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 अक्टूबर को नगर निगम बिलासपुर द्वारा शहरी क्षेत्र के 31 शासकीय प्राथमिक शालाओं को स्मार्ट टीवी दिए जा चुके हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल की पहल पर यह जन सहयोग अभियान लगातार जारी है, ताकि जिले के हर बच्चे तक डिजिटल शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।





