डायल 112 ने अलग-अलग मामलों में बचाई 2 लोगों की जान, मूक-बधिर युवक और महिला के लिए बनी संजीवनी

बिलासपुर। बिलासपुर से आई एक खबर ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सेवा न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए है, बल्कि मानवता की मिसाल भी कायम करती है। डायल-112 की टीम ने अपनी सतर्कता और संवेदनशीलता से एक बार फिर जनता का दिल जीत लिया है। पहला मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। रिंग रोड-2 पर एक 35 वर्षीय विकलांग और मूक-बधिर युवक ठंड से कांपते हुए सड़क किनारे मिला। ठंड और कमजोरी से बेहाल इस युवक को डायल-112 की टीम ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। डायल-112 टीम के आरक्षक राकेश कान्छी और चालक रमेश साहू, जिन्होंने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ मानवीयता का बेहतरीन परिचय दिया। सूचना मिलते ही ये टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। युवक ठंड और कमजोरी से बेहद कमजोर था, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी।टीम यहीं नहीं रुकी। गश्त के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर युवक के परिवार का पता लगाया।
वहीं दूसरा मामला बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से यदुनंदन नगर रोड तिफरा में अज्ञात कारणों से एक महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। अस्पताल ले जाने के साधन न होने की स्थिति में डायल-112 ने मौके पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाई और महिला की जान बचाई। डायल-112 की सरकंडा ईगल-1 टीम को सूचना मिलते ही आरक्षक राकेश काछी और चालक रमेश साहू तुरंत घटनास्थल पहुंचे। गंभीर हालत में महिला को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से महिला अब खतरे से बाहर है।





