धरमजयगढ़ पुलिस ने हत्या प्रयास करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

रायगढ़धरमजयगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी नरेन्द्र विश्वास (35) को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बायसी कॉलोनी में छापेमारी कर पकड़ा गया। पिछले एक महीने से आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार छिपता फिर रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या था मामला?

घटना 5 फरवरी 2025 की है। संजय विश्वास ने धरमजयगढ़ थाने में नरेन्द्र विश्वास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, नरेन्द्र चोरी-छिपे संजय के खेत में लगे बोर का उपयोग कर अपने खेत की सिंचाई कर रहा था और संजय के खेत की मेढ़ को तोड़कर फसल को नुकसान पहुंचा रहा था।

दोनों के बीच यह विवाद कई महीनों से चल रहा था। जब संजय ने उसे समझाने की कोशिश की तो नरेन्द्र ने झगड़ा कर लिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

कैसे हुई घटना?

5 फरवरी की सुबह, संजय लाखपतरा स्थित वरुण भट्टाचार्य की दुकान पर था। तभी नरेन्द्र विश्वास मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और धारदार हथियार से संजय के गर्दन और चेहरे पर हमला कर दिया। इस हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।

पुलिस ने की कार्रवाई

धरमजयगढ़ पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 43/2025 के तहत धारा 109(1) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की खोज में लगी रही। बढ़ते पुलिस दबाव के कारण नरेन्द्र विश्वास गांव लौट आया, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या-क्या जब्त हुआ?

पुलिस ने नरेन्द्र के पास से वारदात में उपयोग किए गए लोहे के दाव (खुखरीनुमा हथियार) और मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कमला पुसाम के साथ सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, विजयनंद राठिया, अलेविसयुस एक्का, अनुप जॉनसन केरकेट्टा और बीरबल टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरोपी को रिमांड पर भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button