बिलासपुर हाईकोर्ट पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पुराने वकील साथियों से मिलकर हुए भावुक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और विधि मंत्री अरुण साव शुक्रवार को अचानक बिलासपुर हाईकोर्ट परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पुराने वकालत के दिनों के अधिवक्ता साथियों से मुलाकात की। पुराने साथियों को देखकर साव भावुक हो गए और कहा कि उन्हें पुराने दिन याद आ गए।
साव ने हाईकोर्ट परिसर में स्थित महाधिवक्ता कार्यालय भी पहुंचकर एडिशनल एडवोकेट जनरल और वरिष्ठ अधिवक्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान सभी से हालचाल पूछा गया और माहौल पूरी तरह दोस्ताना और आत्मीय रहा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने यहीं उप महाधिवक्ता के रूप में काम किया है और यहीं से जनसेवा की राह पकड़ते हुए राजनीति में कदम रखा। इतने समय बाद यहां लौटना मेरे लिए सुकून देने वाला अनुभव है।”
अरुण साव ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान केंद्र सरकार के नए कानूनों को लेकर भी चर्चा हुई और उनके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर कई उपयोगी सुझावों का आदान-प्रदान किया गया।





