नवरात्रि में अश्लील गानों पर रोक लगाने की मांग, सर्व हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन

सर्व हिंदू समाज के द्वारा पांच सूत्री मांगों को लेकर आज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में उन्होंने विभिन्न मांगें उठाईं, जिनमें प्रमुख रूप से डीजे पर प्रतिबंध लगाने की बात की गई। उनका कहना था कि यदि डीजे पर प्रतिबंध लगाया जाता है, तो गरबा और डांडिया जैसे आयोजनों पर भी यही नियम लागू होना चाहिए क्योंकि वहां भी खतरा बना रहता है। दूसरी मांग यह थी कि धार्मिक विसर्जन के दौरान डीजे बजाने की अनुमति दी जाए।
इसके अलावा, उन्होंने नवरात्रि के आयोजनों के दौरान प्रवेश के लिए आधार कार्ड और तिलक की अनिवार्यता पर जोर दिया, ताकि आयोजन की पवित्रता बनी रहे। अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी की गई और पारंपरिक वेशभूषा में ही प्रवेश देने पर जोर दिया गया, क्योंकि नवरात्रि एक धार्मिक पर्व है जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल होती हैं। इन सभी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाज के लोगों ने आज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।





