रायगढ़ में रिहायशी इलाके की शराब दुकान हटाने की मांग तेज, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

रायगढ़ के गोवर्धनपुर रोड स्थित कंगालू डिपा क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आबादी के बीच संचालित इस दुकान के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने आबकारी विभाग को आवेदन देकर दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जब दुकान शुरू हुई थी, तब आसपास खाली मैदान था, लेकिन अब वहां बाउंड्रीवाल बनने के बाद आने-जाने के लिए केवल एक ही रास्ता बचा है, जो सीधे शराब दुकान के सामने से गुजरता है। इस कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रोज असुविधा झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शराब दुकान के आसपास नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जो अक्सर गाली-गलौज करते हैं। इससे खासकर महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। देर रात तक यहां भीड़ बनी रहती है, जिससे माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। लोगों ने बताया कि जनदर्शन कार्यक्रम में जिला कलेक्टर को आवेदन दिया गया था, साथ ही आबकारी अधिकारी को भी लिखित शिकायत सौंपी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब दुकान को नहीं हटाया गया, तो वे 1 अप्रैल से धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। अधिकारियों द्वारा दो सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, लेकिन लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दुकान के कारण बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, इसलिए जल्द समाधान जरूरी है।





