Delhi Election Controversy: केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थरबाजी, BJP-AAP आमने-सामने

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले की खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस घटना के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उनके उम्मीदवार प्रवेश वर्मा को जिम्मेदार ठहराया है। AAP का कहना है कि हमले के दौरान केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए, जिससे माहौल में तनाव बढ़ गया।
घटना के बाद AAP ने ट्वीट किया, “डर से बौखलाई BJP ने अपने गुंडों से केजरीवाल जी पर हमला करवाया।” पार्टी का दावा है कि BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के समर्थकों ने चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर और ईंटें फेंकी। AAP ने इसे BJP की “कायराना हरकत” करार देते हुए कहा कि इससे न तो केजरीवाल और न ही उनकी पार्टी डरने वाली है।
प्रवेश वर्मा का पलटवार
BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने AAP के आरोपों को खारिज किया और कहा कि घटना के दौरान केजरीवाल की गाड़ी ने एक BJP कार्यकर्ता को कुचल दिया, जिससे उसका पैर टूट गया। उन्होंने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है, मैं घायल कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल जा रहा हूं।”
घटना का वीडियो हुआ वायरल
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके जाते हुए दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, BJP और AAP समर्थकों के बीच झड़प भी हुई, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने BJP समर्थकों को खदेड़ दिया।





