पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भड़के दीपक बैज, बोले- महंगाई से जनता परेशान

दीपक बैज ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे जरूरी सामान महंगे होते जा रहे हैं और आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है।
बैज ने कहा कि किसान और आम लोग पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं। महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, लेकिन बीजेपी “मेलोडी” जैसी बातों में राजनीति कर रही है।
अवैध शराब बिक्री के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नकली होलोग्राम वाली शराब बेची जा रही है और इससे काली कमाई हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह पैसा आखिर किसकी जेब में जा रहा है।
खाद संकट को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोसायटियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक नहीं है और किसान पहले से डीजल संकट से परेशान हैं। अब खाद के लिए भी उन्हें लाइन में लगना पड़ रहा है। बैज ने सरकार से श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
बीजेपी नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि भाजपा नेता खुद अवैध शराब बिक्री की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने ईडी और सीबीआई से भी इस मामले की जांच कराने की मांग की।
बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर पर तंज कसते हुए बैज ने कहा कि यह “प्रशिक्षण शिविर नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और छत्तीसगढ़ को लूटने का शिविर” है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को उद्योगपतियों के हाथों बेचा जा रहा है।
डी-लिस्टिंग मुद्दे पर भी उन्होंने बीजेपी पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि अगर सरकार गंभीर है तो संसद और विधानसभा में कानून लाए।





