दिल्ली-यूपी में जानलेवा गर्मी, राजस्थान में 49.4 डिग्री; पंजाब-हरियाणा में रेड अलर्ट

दिल्ली। देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। शुक्रवार को देशभर के 22 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। राजस्थान के गंगानगर में 49.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक है। लू और उमस से लोग बुरी तरह प्रभावित हैं, बीमारियों और मौतों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।
उत्तर प्रदेश में हीट वेव से 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि पंजाब में दो लोगों की जान चली गई। यूपी के कानपुर और आसपास के जिलों में 17 मौतें दर्ज हुईं। कानपुर सेंट्रल स्टेशन परिसर में चार शव मिले, वहीं दो महिलाओं समेत छह शव सड़क किनारे पाए गए। प्रदेश के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि बारिश से रेल मार्ग बाधित हुआ। पिथौरागढ़ में भारी वर्षा के कारण 200 यात्री मलबे के कारण रास्ते में फंसे रहे। वहीं हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है।
दिल्ली में तापमान भले ही 42 डिग्री के आसपास रहा, लेकिन गर्मी का अनुभव करने वाला तापमान 50.3 डिग्री तक दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंचा, जबकि मध्य प्रदेश के खजुराहो में 45 डिग्री, ग्वालियर में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में रेड अलर्ट जारी है। पंजाब के बठिंडा में 46 डिग्री तापमान रहा, हालांकि शाम को हल्की बारिश से कुछ राहत मिली। IMD के अनुसार, यह गर्मी दो दिन और जारी रह सकती है।





