रायपुर में डेयरी कर्मचारियों का खूनी झगड़ा, शराब के नशे में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या

राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में स्थित एक दूध डेयरी में काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान एक युवक ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पूरी घटना डेयरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, कचना इलाके में संचालित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले सन्नी साहू और दुर्गेश धृतलहरे के बीच देर रात विवाद हुआ। दोनों कर्मचारी डेयरी परिसर में ही रहते थे। झगड़े के दौरान सन्नी साहू ने लोहे की रॉड और धारदार औजार से दुर्गेश के गले और गाल पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि झगड़े के बाद दुर्गेश बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसे ऑटो में बैठाकर वहां से ले गया। घायल युवक को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डेयरी संचालक द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे में खून फैला होने और कर्मचारियों के गायब होने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिससे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी सन्नी साहू को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सन्नी साहू कचना का निवासी है और दूध वितरण का काम करता है, जबकि मृतक दुर्गेश धृतलहरे खरोरा थाना क्षेत्र के परसवानी गांव का रहने वाला था। दोनों डेयरी में रहकर काम कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त हथियारों की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button