चक्रवाती तूफान फेंगल ने लगाया ठंड पर ब्रेक…

रायपुर। चक्रवाती तूफान फेंगल का छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों पर असर देखने को मिला है। कहीं ठंड बढ़ गई है, तो कहीं आसमान में बादलों का डेरा होने से तापमान में बढ़ोतरी देखने कोे मिली। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। पढ़िए विभिन्न शहरों की वेदर रिपोर्ट।

राजनांदगांव में चक्रवाती तूफान फेंगल ने ठंड पर ब्रेक लगा दी है। दो दिनों से बादलों के बीच सर्द हवा से वातावरण सुहाना भले ही बना हुआ है, लेकिन तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के चलते मौसम से ठंडकता कम हो गई है। अभी अगले दो दिनों में दिन के तापमान में दो डिग्री की वृद्धि संभावित बताई जा रही है।

इतना ही नहीं अगले चार दिनों में हल्की वर्षा भी हो सकती है। यानी दिसंबर का पहला सप्ताह ठंड का प्रभाव कमजोर रह सकता है। मौसम में देर से आई अनुकूलता पर चक्रवाती तूफान फेंगल ने पानी फेर दिया है। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से भी अधिक की वृद्धि हो चुकी है। इसका प्रभाव न्यूनतम तापमान पर भी पड़ा है। लगभग 11 डिग्री से अब यह 13 से भी अधिक पर जा पहुंचा है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहरअधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान
राजनांदगांव28.313.3
रायपुर26.017.4
बिलासपुर27.616.6
दुर्ग28.512.4

फसलों के लिए हानिकारक

खरीफ फसलों में धान की कटाई तो लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन दलहन व तिलहन फसल तैयार हो रही है। अरहर के पौधों में फुल लगने लगे हैं। बदली-बारिश से इसके झड़ने की आशंका है। साथ ही लाख-लाखड़ी, मसूर व अन्य फसलों को भी खराब मौसम हानि पहुंचा सकता है। हालांकि गेंहू की खेती के लिए इस मौसम को अनुकूल माना जा रहा है।

धमतरी: दिनभर बादल, ठंड के बीच बूंदाबांदी

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इसका असर धमतरी जिले में भी दिखा। पूरे दिन आसमान बादल से ढका रहा। ठिठुरन व ठंड के बीच शाम को बूंदाबांदी हुई है, जो किसानों की धड़कनें बढ़ा दी। वहीं ठिठुरन वाले इस मौसम ने हर वर्ग को कंपकंपा दिया।

छोटे से बड़ों के शरीर से दिनभर गर्म कपड़ा नहीं उतरा। 30 नवंबर की अलसुबह से मौसम बदल गया। कुछ जगहों पर कोहरा छाने के साथ बादल वाला मौसम शुरू हो गया। निर्धारित समय तक सूर्य नहीं उगा, तो खराब मौसम की जानकारी लोगों को हो गई।

दुर्ग: ठंडी हवा से दिनभर होता रहा ठिठुरन का अहसास

दुर्ग-भिलाई सहित जिले में शनिवार को मौसम का मिजाज दिनभर बदला रहा। सुबह से आसमान पर बादल छाए रहे और ठंडी हवा भी चलती रही। ठंडी हवा चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आने के साथ ही दिनभर ठिठुरन का अहसास भी होता रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी आसमान पर बादल छाए रहेंगे।शुक्रवार रात से ही मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला। शनिवार को दिन की शुरुआत आसमान पर छाए बादलों के साथ हुई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button