Corporation’s Action: टैक्स चोरी और अवैध निर्माण पर एक्शन, नगर निगम ने वसूली के लिए कसी कमर
बिलासपुर के शनिचरी बाजार में दुकानें सील, रसूखदारों में मचा हड़कंप

बिलासपुर नगर निगम ने बकाया टैक्स और किराया न जमा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ (Corporation’s Action) अब ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ शुरू कर दी है। निगम कमिश्नर के आदेश पर आज शनिचरी बाजार इलाके में भारी तामझाम के साथ पहुंची टीम ने कई दुकानों को सील करने की बड़ी कार्रवाई की।
इस दौरान उन दुकानदारों पर गाज गिरी, जो महीनों से दुकान का किराया और संपत्ति कर दबाए बैठे थे। कार्रवाई के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बड़े बकायादार ने निगम की टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद और हंगामे के बीच निगम की टीम ने साफ कर दिया है कि या तो बकाया जमा होगा, या फिर दुकानों पर ताला लटकेगा। साथ ही अवैध रूप से बन रही तीन मंजिला इमारत पर भी निगम ने डंडा चलाया है…..
निगम का कड़ा प्रहार
बिलासपुर के व्यस्ततम शनिचरी बाजार में नगर निगम की टीम जैसे ही पहुंची, दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, ताराचंद कमल कुमार नामक दुकान संचालक का किराया पिछले कई महीनों से लंबित था, जिसकी कुल बकाया राशि 2 लाख रुपये से अधिक हो गई थी। जब निगम अमला दुकान को सील करने पहुंचा, तो संचालक ने टीम के साथ जमकर विवाद किया और कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की।
काफी देर तक चली तनातनी और चर्चा के बाद निगम अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि तत्काल भुगतान नहीं हुआ, तो संबंधित संचालक की चारों दुकानों को सील कर दिया जाएगा। इस दौरान निगम की टीम ने बाजार क्षेत्र में बिना अनुमति के बन रही एक तीन मंजिला दुकान का काम भी रुकवाया और संचालक को नोटिस थमाया है…
विवाद के बीच सील की दुकानें, (Corporation’s Action)
नगर निगम की इस संयुक्त टीम में निगम इंजीनियर जुगल किशोर के साथ स्वच्छता पेट्रोलिंग की टीम भी मुस्तैद रही। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल शनिचरी बाजार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी चलेगा जहाँ संपत्ति कर या दुकान किराया बकाया है। टीम ने मौके पर अन्य दुकानदारों को भी हिदायत दी कि वे समय रहते अपने करों का भुगतान कर दें, अन्यथा उन्हें भी इसी तरह की सीलिंग की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा….





