ठक्करबापा वार्ड में 2000 केएल जलागार का निर्माण शुरू, तीन वार्डों की पेयजल समस्या होगी खत्म

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में रायपुर नगर निगम क्षेत्र के ठक्करबापा वार्ड में 2000 किलोलीटर क्षमता वाले उच्च स्तरीय जलागार के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। इस योजना से वार्ड क्रमांक 16, 17 और 18 के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
नगर निगम जोन-1 के अंतर्गत गुढियारी स्थित गीतांजलि सोसायटी उद्यान, दीक्षा नगर में करीब 19 करोड़ 60 लाख 74 हजार रुपये की लागत से 25 मीटर स्टेजिंग वाला यह जलागार बनाया जाएगा। निर्माण कार्य का शुभारंभ श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर किया गया, साथ ही जलागार के फाउंडेशन की खुदाई का काम भी शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, एमआईसी सदस्य व पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
योजना के तहत राइजिंग लाइन, डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन और ऑटोमेशन सिस्टम का कार्य किया जाएगा। इसके पूरा होने पर शिवानंद नगर सेक्टर 3 व 4, प्रेमनगर, दीक्षा नगर, पार्वती नगर, अंबेडकर चौक गुढियारी सहित 13 बस्तियों के करीब 1000 घरों में सीधे नल से मीठा पेयजल पहुंचेगा।
इस परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और कार्य अनुबंधित एजेंसी मेसर्स एड्रोईट एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य की लगातार निगरानी कर उच्च गुणवत्ता के साथ इसे समय पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल मिल सके।





