कांग्रेस का मनरेगा और धान खरीदी को लेकर चक्काजाम, 30 जनवरी को हर ब्लॉक में प्रदर्शन

बिलासपुर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर 30 जनवरी को कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाओ संग्राम और धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर जिलेभर में प्रदर्शन करेगी। इस दौरान सभी ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन के साथ सांकेतिक चक्काजाम किया जाएगा। आंदोलन भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत तोरवा सहित विभिन्न ब्लॉकों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं, जहां आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। इन बैठकों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ और वार्ड स्तर के कार्यकर्ता हैं। इसी आधार पर जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा, ताकि जनहित के मुद्दों को हर घर तक पहुंचाया जा सके।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि 30 जनवरी को सभी ब्लॉकों में ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा और संगठन के पदाधिकारी आंदोलन में शामिल रहेंगे। धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर चक्काजाम किया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए पहले ही सभी ब्लॉकों में समन्वयक नियुक्त किए जा चुके हैं।
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत 31 जनवरी से 6 फरवरी तक कलेक्टर कार्यालय के सामने जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 7 फरवरी से विधानसभा घेराव की योजना बनाई गई है। इस तरह कांग्रेस का आंदोलन फरवरी तक जारी रहेगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ सरकार विरोधी जनहित के विषयों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मौजूदा नीतियों से मजदूर, किसान और युवा वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है, इसलिए कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी।





