कांग्रेस की दो टूक – फर्जी डॉक्टर और अपोलो प्रबंधन पर हो सख्त कार्रवाई,

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। फर्जी डॉक्टर नरेंद्र विक्रमादित्य यादव उर्फ नरेंद्र जान केम प्रकरण में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवालों के बीच कांग्रेस ने अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपोलो चेयरपर्सन डॉ. प्रताप रेड्डी, कार्यकारी चेयरपर्सन प्रीथा रेड्डी, रीजनल हेड मनीष मट्टू और बिलासपुर यूनिट हेड अर्णव राहा के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
न्याय यात्रा और आमसभा का ऐलान
कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 2 मई को ‘स्वास्थ्य न्याय यात्रा’ निकाली जाएगी, जो अपोलो हॉस्पिटल से शुरू होकर नेहरू चौक तक जाएगी, जहां विशाल आमसभा का आयोजन होगा। पांडेय ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।
विजय पांडेय (शहर कांग्रेस अध्यक्ष) –
“जब तक अपोलो प्रबंधन के जिम्मेदारों पर नामजद एफआईआर नहीं होती, कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। सरकार सिर्फ आयुष्मान कार्ड बनाकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।”
आयुष्मान योजना को लेकर उठाए सवाल
पांडेय ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच रहा, क्योंकि कई निजी अस्पताल, जिनमें अपोलो भी शामिल है, इसे मान्यता नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि “सरकार की जिम्मेदारी सिर्फ कार्ड बनाने तक सीमित नहीं हो सकती।”
विदेशी डिग्री धारकों की जांच की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि यूक्रेन, कजाकिस्तान, रूस आदि विदेशी संस्थानों से डिग्री लेने वाले डॉक्टरों की डिग्रियों की सत्यता की जांच, भारत में पंजीकरण की वैधता, और इंटर्नशिप का रिकॉर्ड खंगाला जाए। जिन डॉक्टरों का भारत में पंजीयन नहीं है, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रमुख मांगें:
अपोलो प्रबंधन के शीर्ष अधिकारियों पर नामजद एफआईआर
आयुष्मान योजना को अपोलो सहित सभी निजी अस्पतालों में लागू किया जाए
फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई
विदेशी डिग्री धारक डॉक्टरों की वैधता की जांच
सरकारी अस्पतालों में अनिवार्य इंटर्नशिप की व्यवस्था





