नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर धमतरी में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में विधायक–पूर्व विधायक घायल

धमतरी में नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर बुधवार को सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया, इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी।
धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए वे भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। भाजपा कार्यालय से करीब 200 मीटर पहले ही पुलिस ने भारी बल तैनात कर करीब 12 फीट ऊंचे बैरिकेड लगाकर रैली को रोक दिया।
बैरिकेड पर रुकने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान विधायक अंबिका मरकाम और पूर्व विधायक लेखराम साहू का पैर पोस्टर-बैनर में फंस गया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। दोनों नेताओं को हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में दर्ज एफआईआर को अदालत ने खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे “सत्य की जीत” बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को राजनीतिक बदले की भावना से वर्षों तक परेशान किया गया।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि वर्ष 2012 से कांग्रेस नेतृत्व को प्रवर्तन निदेशालय के जरिए परेशान किया जा रहा था, लेकिन अदालत के फैसले से सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि इसी संदेश को देने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे।
प्रदर्शन के बाद धमतरी में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया।





