एनएच नोटिस पर कांग्रेस का विरोध, भाजपा दबाव का आरोप

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सड़क किनारे लगे कांग्रेस के होर्डिंग हटाने के लिए भेजे गए नोटिस का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नोटिस मिलने के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा सहित कई नेता और कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी के दबाव में की जा रही है। उनका कहना है कि सड़क किनारे अन्य राजनीतिक दलों और निजी संस्थानों के कई होर्डिंग लंबे समय से लगे हुए हैं, लेकिन केवल कांग्रेस के होर्डिंग को ही निशाना बनाया जा रहा है।
इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने आरोपों को खारिज किया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे किसी राजनीतिक दबाव में काम नहीं कर रहे हैं और नियमों के खिलाफ लगे सभी होर्डिंग्स पर समान कार्रवाई की जा रही है।
विभाग के अनुसार अब तक करीब 15 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें विभिन्न राजनीतिक दलों, संगठनों और निजी व्यक्तियों के होर्डिंग शामिल हैं। कुछ लोगों से विभाग को लिखित जवाब भी प्राप्त हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में लगाए गए होर्डिंग्स से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। इसी कारण नियमों के तहत इन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने विभाग से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि केवल एक दल को निशाना बनाया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी होर्डिंग्स पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





