बिलासपुर में कांग्रेस नेता पर बुजुर्ग को धमकाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिलासपुर।सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता अभय बरुआ के खिलाफ एक बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। मामला जमीन के विवाद से जुड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंदू चौक निवासी महेश चंद्र अग्रवाल ने साल 2011 में जरहाभाठा इलाके में 3000 वर्गफीट जमीन अपनी बहू खुशबू अग्रवाल के नाम पर खरीदी थी। इस जमीन पर फिलहाल महेश चंद्र खुद कब्जे में हैं।
बताया गया है कि उनके प्लॉट के बगल में अभय बरुआ के पिता सुरेश बरुआ के नाम पर जमीन है। अभय बरुआ की पत्नी तहसीलदार हैं और उनके पिता नगर निगम बिलासपुर में अधिकारी हैं।
घटना 25 अप्रैल की है, जब दोपहर करीब 3 बजे अभय बरुआ महेश चंद्र के घर पहुंचा और जमीन बेचने का दबाव बनाने लगा। जब महेश चंद्र ने जमीन के कागजात दिखाए तो अभय बरुआ ने गाली-गलौज की और जमीन खाली करने का फरमान सुना दिया। इतना ही नहीं, जमीन नहीं छोड़ने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना से डरे-सहमे महेश चंद्र और उनके परिवार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अभय बरुआ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





