पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर कांग्रेस सख्त, अब गिरेगी गाज

रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने रायपुर उत्तर के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। यह फैसला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। दरअसल, जुनेजा ने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के खिलाफ सार्वजनिक बयान दिया था, जिसके बाद पार्टी में विवाद उत्पन्न हो गया। इसके चलते प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्रवाई की मांग की थी।

कुलदीप जुनेजा ने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के इस्तीफे की मांग की थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान से पलटते हुए इसे वापस ले लिया। जुनेजा का कहना था कि नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को नहीं, बल्कि मौजूदा संगठन को हार मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि दीपक बैज को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। इसके अलावा, पार्टी ने बिलासपुर के दोनों जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी और विजय पाण्डेय को शो-कॉज नोटिस भेजने का निर्णय लिया है। पार्टी के आंतरिक मामलों पर चर्चा करने के बजाय जुनेजा सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर अपनी राय व्यक्त कर रहे थे, जिससे पार्टी संगठन की छवि को नुकसान हुआ।

अब जुनेजा को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के पार्टी विरोधी बयान पर भी चर्चा की गई, लेकिन इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया। बैठक में कांग्रेस की आगामी रणनीति पर भी विचार किया गया, जिसमें नगरीय निकाय चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की हार के कारणों पर समीक्षा की गई। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार करने का भी फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि यह राजनीतिक प्रतिशोध है और वे इसे जनता के बीच ले जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button