व्हाट्सएप ग्रुप विवाद पर BJP विधायक पुरंदर मिश्रा का तंज, बोले– कांग्रेस कई गुटों में बंटी

रायपुर। व्हाट्सएप ग्रुप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थकों के बीच हुई बहस को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के अंदरूनी विभाजन को साफ दिखाता है।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अब कई गुटों में बंटी हुई है—एक तरफ टीएस सिंहदेव, दूसरी तरफ भूपेश बघेल और तीसरी तरफ चरण दास महंत। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता कब क्या बोल दें, इसका कोई भरोसा नहीं है और आने वाले तीन साल में और क्या-क्या बयान देंगे, कहना मुश्किल है।
मनरेगा को लेकर कांग्रेस के चरणबद्ध आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि योजना का केवल नाम बदला गया है। उन्होंने दावा किया कि पहले से ज्यादा, करीब सवा गुना काम अब मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी अंतिम समय में ‘हे राम’ कहा था। जो लोग राम का विरोध कर रहे हैं, वे गांधी को कैसे मानेंगे।
भाजपा विधायक ने ‘जी राम जी’ योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए बेवजह के बयान दिए जा रहे हैं, जिन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
वहीं, साय सरकार के मंत्रियों के ओएसडी हटाए जाने को कांग्रेस द्वारा पैसों की लड़ाई बताए जाने पर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जो व्यक्ति काम में लापरवाही करेगा, उसे हटाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में कोई भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 3500 करोड़ रुपये का शराब घोटाला हुआ। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी भ्रष्टाचार है तो शिकायत करें, कार्रवाई जरूर होगी।





