बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का ‘बिजली न्याय’ आंदोलन शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार से ‘बिजली न्याय’ आंदोलन की शुरुआत कर दी। राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ढेबर ने साफ कहा कि जब तक बिजली दरों में कमी नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।

एजाज ढेबर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान आम जनता को राहत देने के लिए घरेलू बिजली बिल आधा करने की योजना शुरू की गई थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने इसे बंद कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया है।

इस आंदोलन के तहत उरला क्षेत्र में बीरगांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बिजली दफ्तर का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने कार्यपालन अभियंता के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने कहा कि मंहगाई से जूझ रही जनता पर अब बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं।

प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष योगेन्द्र सोलंकी और महापौर नंदलाल देवांगन भी शामिल रहे। कांग्रेस का कहना है कि बिजली की बढ़ी दरें गरीब और मध्यम वर्ग के लिए भारी संकट बन गई हैं, इसलिए इस मुद्दे पर सरकार को जनता की आवाज सुननी ही होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button