मेड़ेसरा में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस का समापन, सीएम विष्णु देव साय बोले – छत्तीसगढ़ की संस्कृति ने दिलाई विश्व पहचान

दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्राम मेड़ेसरा में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस समारोह का आज भव्य समापन हुआ। इस कार्यक्रम में देशभर से पंडवानी और पंथी नृत्य के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे, जबकि मंच पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर राज्य की लोकसंस्कृति और परंपरा को जीवित रखने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ की धरती कला और संस्कृति से समृद्ध है। पंडवानी और पंथी जैसे लोकनृत्य न केवल हमारी पहचान हैं, बल्कि उन्होंने हमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया है।”
सीएम ने पद्मविभूषण तीजन बाई और पद्मश्री ऊषा बारले सहित सभी कलाकारों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में फिल्म सिटी के निर्माण पर काम कर रही है, जिसके लिए बजट का प्रावधान भी कर दिया गया है। इससे प्रदेश के कलाकारों को नए अवसर मिलेंगे।
मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने बस संचालकों की हड़ताल पर कहा कि सरकार उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाएगी। वहीं, नक्सलवाद पर उन्होंने कहा कि पिछले 20 महीनों में पुलिस और जवानों ने प्रभावी कार्रवाई की है और कई नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
मेड़ेसरा का यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया, जिसने प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को फिर से उजागर किया।





