राजस्थान से आया रंग-बिरंगा मटका, मिट्टी का स्वाद, सेहत का साथ..

बिलासपुर

आधुनिकता के इस दौर में जहां लोग फ्रिज और आरओ वाटर के आदि होते जा रहे हैं, वहीं बिलासपुर में राजस्थान से आए रंग-बिरंगे मटकों ने एक बार फिर मिट्टी के ठंडे पानी का स्वाद और संस्कृति दोनों को जिंदा कर दिया है।

शहर के रेलवे क्षेत्र और अन्य प्रमुख बाजारों में इन दिनों आकर्षक डिज़ाइन वाले मिट्टी के मटके, बॉटल्स और बर्तनों की दुकानें लोगों का ध्यान खींच रही हैं। खास बात यह है कि ये मटके राजस्थान के उदयपुर से आए हैं, जिनकी खूबसूरती और उपयोगिता ने लोगों को दीवाना बना दिया है।

मिट्टी के मटके, मॉडर्न स्टाइल में!
इन मटकों में केवल परंपरा नहीं, बल्कि मॉडर्न टच भी दिया गया है। हर मटका अब सिर्फ पानी रखने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि एक आर्ट पीस बन गया है।

कुछ में इंस्टॉल्ड नल लगाए गए हैं जिससे यह प्लास्टिक के कैंपर की तरह उपयोग किए जा सकें।
इसके अलावा छोटी टंकियां, मिट्टी के मग, और ट्रैवल बॉटल्स भी खासे आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

नई पीढ़ी को मिट्टी से जोड़ने के लिए मटकों को मॉडर्न टच दिया जा रहा है। लोगों को यह खूब पसंद आ रहा है। कुछ बॉटल्स तो दूर से देखने पर प्लास्टिक जैसी लगती हैं, लेकिन वो पूरी तरह प्राकृतिक मिट्टी से बनी होती हैं।

इन मटकों की कीमत ₹100 से ₹600 के बीच है – जो हर वर्ग के ग्राहक के लिए सुलभ है। गर्मी में पानी ठंडा और स्वास्थ्यवर्धक रखने के लिए यह मटके न केवल शरीर को राहत देते हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल विकल्प भी हैं।

मिट्टी का स्वाद, सेहत का साथ
विज्ञान भी मानता है कि मिट्टी के बर्तन में रखा पानी स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होता है। यह शरीर की गर्मी को संतुलित करता है, और प्राकृतिक खनिजों की पूर्ति भी करता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button