धान खरीदी पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री साय का तंज: बोले– मुद्दाविहीन है कांग्रेस, इसलिए कर रही आंदोलन

रायपुर।प्रदेश में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए इस तरह के आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का धर्म ही विरोध करना रह गया है।
नारायणपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज धान खरीदी की अंतिम तारीख है और प्रदेश में धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही इस विषय पर समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसानों का धान समय पर खरीदा जाए और टोकन मिलने में किसी तरह की देरी न हो। अधिकारी लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं।
जमीन की गाइडलाइन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें संशोधन किए गए हैं और लोगों से सुझाव भी मांगे गए थे। फिलहाल इस पर काम चल रहा है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड से इलाज बंद करने के ऐलान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी बकाया राशि है, उसे जल्द जारी किया जाएगा, ताकि आम लोगों को इलाज में परेशानी न हो।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नारायणपुर में दो दिन के प्रवास पर रहेंगे। उनके साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी जाएंगे। इस दौरान जिले में 361 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।





