दक्षिण कोरिया में निवेश को लेकर CM विष्णुदेव साय की बड़ी पहल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दक्षिण कोरिया दौरे के दौरान ग्रीन मोबिलिटी और रेलवे सेक्टर की अग्रणी कंपनियों ModernTech Corp और UNECORAIL को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, सतत परिवहन अवसंरचना का निर्माण करना और रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाना है। इस साझेदारी से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और आम जनता को सुरक्षित व सुगम परिवहन की सुविधा मिलेगी।
सीएम ने ModernTech Corp को छत्तीसगढ़ में अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उनका मानना है कि यह परियोजना राज्य को स्वच्छ ऊर्जा और सतत परिवहन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर घटक निर्माण इकाइयों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने UNECORAIL के सीईओ डोंग पिल पार्क से मुलाकात कर स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग, तकनीकी हस्तांतरण और रेलवे अधोसंरचना विकास में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बढ़ती औद्योगिक और लॉजिस्टिक आवश्यकताओं को देखते हुए रेलवे क्षेत्र में अत्याधुनिक समाधान बेहद अहम हैं।
साय ने राज्य की औद्योगिक नीति 2024-30 का उल्लेख करते हुए बताया कि यह नीति हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन कम करने पर केंद्रित है। ईवी चार्जिंग यूनिट और रेलवे सहयोग से न केवल स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य पूरे होंगे बल्कि प्रदेश हरित तकनीक का राष्ट्रीय हब भी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है ताकि निवेशक बिना किसी बाधा के अपने प्रोजेक्ट शीघ्रता से क्रियान्वित कर सकें। उन्होंने सभी निवेशकों से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आग्रह किया।





