सीएम विष्णुदेव साय ने 26 अग्निवीरों से की मुलाकात, किसानों के लिए 1500 सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर जिले से चयनित 26 अग्निवीरों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अग्निवीर सेना शौर्य, अनुशासन और देशभक्ति का प्रतीक है। युवाओं की यह उपलब्धि उनके परिवार, गांव और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। सीएम ने कामना की कि ये युवा देश की सेवा और मूल्यों की रक्षा में नई मिसाल कायम करें।
इसी दौरान जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहलाता है, इसलिए कृषि को बढ़ावा देना और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वर्षों से लंबित ₹2800 करोड़ की 1500 सिंचाई परियोजनाओं को एक साथ स्वीकृति दी गई है। इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेती का रकबा बढ़ेगा।
सीएम ने कहा कि आज जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है, उसमें जनता के आशीर्वाद के साथ श्रद्धेय दिलीप सिंह जूदेव का स्नेह और मार्गदर्शन भी शामिल है। उन्होंने भरोसा जताया कि सबके सहयोग से छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेश बनाया जाएगा।





