दोकड़ा में सीएम विष्णु देव साय ने किया श्री जगन्नाथ मंदिर का लोकार्पण, धार्मिक कार्यक्रमों की धूम

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय बुधवार को कांसाबेल विकासखंड के ग्राम दोकड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद हुए प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोकड़ा में 24 लाख 74 हजार रुपये की लागत से बनने वाले महतारी सदन का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने श्री जगन्नाथ मंदिर समिति और ग्रामवासियों को आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए उनके धार्मिक कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम दोकड़ा में लोग धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने और उनकी धर्मपत्नी ने संकल्प लिया था कि मंदिर का जीर्णोद्धार कर इसे नया रूप देंगे, और आज वह संकल्प पूरा हुआ।
1942 से निकाली जा रही रथ यात्रा
गौरतलब है कि दोकड़ा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की परंपरा वर्ष 1942 से चली आ रही है। इसकी शुरुआत गांव के पंडित स्वर्गीय सुदर्शन सतपथी और उनकी पत्नी सुशीला सतपथी ने की थी। मंदिर का निर्माण 1968 में हुआ था। समय के साथ मंदिर जर्जर हो गया था, जिसे अब नया स्वरूप दिया गया है।
21 से 27 मई तक धार्मिक आयोजन और मीना बाजार
मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही 21 मई से 27 मई तक दोकड़ा में धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो गई है। इस दौरान प्रतिदिन विशाल मीना बाजार भी लगाया जा रहा है।
धार्मिक कार्यक्रमों की झलक:
21 मई: मैनी नदी बगिया से मंदिर तक कलश यात्रा
22 मई: सूर्य पूजन, गौ पूजन, मंदिर प्रवेश
23 मई: मंडल पूजन, शिखर कलश और नीलचक्र स्थापना
24 मई: यज्ञ-हवन
25 मई: भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी का मंदिर प्रवेश, भव्य कलश यात्रा
27 मई: पूर्णाहुति, दधीभंजन, नगर भ्रमण (ओडिशा कीर्तन मंडली द्वारा भजन), महाप्रसाद वितरण के साथ समापन
इस आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हो रहे हैं, जिससे गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।





