राहुल गांधी के ट्वीट पर भड़के सीएम साय के सलाहकार पंकज कुमार झा, बोले: आदिवासी बेटियों के तस्करी आरोपियों का बचाव शर्मनाक

रायपुर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक ट्वीट ने छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने कथित तौर पर मानव तस्करी के एक आरोपी के पक्ष में बयान दिया, जिस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सलाहकार पंकज कुमार झा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पंकज झा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राहुल गांधी की यह पोस्ट “तुष्टीकरण की पराकाष्ठा” है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर की आदिवासी बेटियों की तस्करी के आरोपी का बचाव करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि यह आचरण निंदनीय है।
“सनातन के खिलाफ उठे हाथ को उखाड़ फेंकेंगे”
झा ने कहा कि बस्तर में आदिवासियों को बरगला कर मतांतरण करने वाली ताकतों के खिलाफ कानून अपना काम करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन धर्म पर उठे हाथ को अब प्रतीक चिन्ह की तरह उखाड़ फेंका जाएगा।
उन्होंने मिशनरियों पर भी हमला करते हुए कहा कि जो लोग बस्तर को अपना चरागाह बना रहे हैं, उनके खिलाफ अब कार्रवाई होगी। “मतांतरण दरअसल राष्ट्रांतरण है,” ऐसा कहते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनका परिवार भारत के मूल धार्मिक-सांस्कृतिक ढांचे के खिलाफ काम करता आया है।
“संविधान के नाम पर आरोपियों को बचाना घिनौना”
झा ने आगे कहा कि बाबा साहेब का संविधान किसी को भी डर या लालच दिखाकर धर्म बदलवाने की अनुमति नहीं देता। संविधान की आड़ लेकर आरोपियों को बचाना घिनौना और शर्मनाक है।
उन्होंने साफ कहा कि अगर छत्तीसगढ़ पुलिस ने गिरफ्तारी की है, तो उनके पास पक्के साक्ष्य भी होंगे। इस मामले में फैसला सोशल मीडिया पर नहीं, न्यायालय में होगा।
“अब कानून से ऊपर कोई नहीं”
झा ने कहा कि अब देश में किसी भी परिवार को विशेष नहीं माना जाएगा, चाहे वह किसी “पवित्र परिवार” से क्यों न हो। सभी पर कानून एक समान लागू होगा और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा।
यह बयान छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ी हलचल पैदा कर रहा है और आने वाले समय में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है।





