सीएम साय आज कोरबा और मुंगेली का करेंगे दौरा, गुरु घासीदास जयंती समारोह में होंगे शामिल, कांग्रेस निकालेगी विरोध प्रदर्शन रैली

रायपुर। संत गुरु घासीदास की 268वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज कोरबा और मुंगेली में गुरु घासीदास जयंती के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी आज विरोध प्रदर्शन रैली निकालेगी। वहीं राजधानी में आज ‘देसी टॉक कवि सम्मेलन 5.0’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कवियों की महफिल सजेगी।
इनके अलावा राजधानी में और भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज संत गुरु घासीदास जयंती के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कोरबा और मुंगेली जाएंगे। सीएम साय 11 बजे कोरबा पहुंचेंगे, जहां वह गुरु घासीदास जयंती के आयोजन में भाग लेंगे। इसके बाद, वे मुंगेली और 3.20 बजे मोतिमपुर स्थित अमरटापु धाम जाएंगे। शाम 5 बजे वे रायपुर लौटेंगे।
आज कांग्रेस पार्टी की ओर से एक प्रदर्शन रैली निकाली जाएगी, जो 11 बजे प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में अंबेडकर चौक से राजभवन तक जाएगी। रैली के दौरान कांग्रेस जन मणिपुर में अशांति और गौतम अडानी पर अमेरिका में दर्ज एफआईआर के विषय में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे ।





