CM साय ने बस्तर पंडुम 2025 के प्रतीक चिन्ह का किया विमोचन, प्रतियोगिताएं 12 मार्च से शुरू

छत्तीसगढ़ विधानसभा के समिति कक्ष में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर पंडुम 2025 के प्रतीक चिन्ह का विमोचन किया। इस आयोजन के माध्यम से बस्तर संभाग की समृद्ध लोककला, रीति-रिवाज, पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर CM विष्णुदेव के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह विधायक लता उसेंडी और विधायक विनायक गोयल सहित कई सम्मानित हस्तियां उपस्थित रही।
बस्तर पंडुम 2025 में जनजातीय नृत्य, गीत, नाट्य, वाद्ययंत्र, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, शिल्प-चित्रकला और पारंपरिक व्यंजन से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएं तीन चरणों में संपन्न होंगी, जिसमें जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 12 से 20 मार्च, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 21 से 23 मार्च और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता दंतेवाड़ा में 1 से 3 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर विशेष पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इस महोत्सव में बस्तर की पारंपरिक नृत्य-शैली, गीत, रीति-रिवाज, वेशभूषा, आभूषण और पारंपरिक व्यंजनों का शानदार प्रदर्शन किया जाएगा, और इसके साथ-साथ प्रतियोगियों के प्रदर्शन को मौलिकता, पारंपरिकता और प्रस्तुति के आधार पर अंक दिए जाएंगे।