मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पूर्व कप्तान कपिल देव की मुलाकात

रायपुर में आज नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में विष्णु देव साय से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कपिल देव का बेल मेटल से बनी प्रतिकृति और “पुण्यभूमि छत्तीसगढ़” कॉफी टेबल बुक भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए अधोसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं और अवसरों का निरंतर विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के माहौल में प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा।






