यूपी-बिहार में आफत बनकर बरस रहे बादल, दिल्ली-NCR में अब भी बारिश का इंतजार

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून ने कहर बरपा रखा है। यूपी, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
वहीं, दिल्ली-NCR में अब भी लोग बारिश के इंतजार में हैं। यहां आसमान में बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बारिश न होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली-NCR में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
बिहार में गंगा और उसकी सहायक नदियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पटना सहित करीब 20 जिलों में जलभराव से लोगों के घर और दुकानें डूब गए हैं। झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बीकानेर और जोधपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। उधर, जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यात्रा मार्गों की मरम्मत का कार्य जारी है।
केरल के कोझिकोड जिले में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। कई घरों में पानी घुस गया है। IMD ने कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक यहां भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
उत्तराखंड के देहरादून में भी मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने यहां भी अगले सात दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। देश के कई हिस्से जलप्रलय जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं, जबकि दिल्ली-एनसीआर में लोग अब भी बारिश की आस लगाए बैठे हैं।





