Civic Election Results: महापौर एजाज ढेबर हारे पार्षद चुनाव, पत्नी ने की जीत दर्ज

Civic Election Results (रायपुर) : वर्तमान महापौर एजाज ढेबर पार्षद पद का चुनाव हार गए हैं। एजाज ढेबर की हार के बाद अमर गिदवानी और बीजेपी समर्थक थिरके। रायपुर के पूर्व मेयर एजाज ढेबर 1529 वोट से पार्षद का चुनाव हार चुके हैं। वहीं मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड से एजाज ढेबर की पत्नी अर्जुमन ढेबर 2562 वोट से जीत गई हैं। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में आज नई सरकार का फैसला हो रहा है।
10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषद, 114 नगर पंचायतों के लिए वोटों की गिनती 9 बजे से शुरू हो गई है। कई जगहों से परिणामों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। 4 नगर निगमों में भाजपा जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं 6 पर लीड बनाई हुई है। इसके अलावा कई नगर पालिकाओं और निगमों में भगवा लहराया है। सीएम साय भाजपा की इस जीत से गदगद दिखें। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार।
भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने जिस तरह डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया, जिस तरह संगठन ने कुशल रणनीति के तहत इस चुनाव में भी भागीदारी की यह निर्णायक बढ़त उसी की है। भाजपा सरकार के कार्यों से जो जन विश्वास बढ़ा, वह जनादेश में बदलता दिख रहा है। हम और अधिक उत्साह के साथ जनाआकांक्षाओं पर खरा उतरने परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे। पुनः आभार।





