चुकतीपानी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, ग्रामीणों से की सीधे संवाद

पेंड्रा। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अचानक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के बैगा बहुल गांव चुकतीपानी का दौरा किया। मुख्यमंत्री बिना किसी पूर्व सूचना के हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचे, जिससे ग्रामीण चौंक गए। लेकिन कुछ ही देर में उनकी हैरानी खुशी में बदल गई।
गांव वालों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने गुलमोहर की माला, तेंदू फल की टोकरी और फूल-पत्तियों से बना सुंदर गुलदस्ता भेंट किया।
मुख्यमंत्री गांव के मिडिल स्कूल परिसर में महुआ पेड़ के नीचे लगी चौपाल में पहुंचे और लोगों से सीधे बात की। उन्होंने कहा, “मैं खुद यह देखने आया हूं कि सरकार के काम का असर आप तक पहुंच रहा है या नहीं। जो भी परेशानी है, खुलकर बताइए।”
जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री की नजर ओवरफ्लो हो रही पानी टंकी पर पड़ी। उन्होंने पानी की बर्बादी पर नाराजगी जताते हुए पीएचई विभाग के सब इंजीनियर को फटकार लगाई और कहा, “या तो काम सुधारो, नहीं तो सस्पेंशन के लिए तैयार रहो।”
गांव की महिलाओं ने बताया कि वे महतारी वंदन योजना से मिली राशि से स्व-सहायता समूह बनाकर जैविक खेती कर रही हैं। वे मंडियों में सब्जियाँ बेचकर अच्छा पैसा कमा रही हैं। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को खुद की उगाई हुई लाल भाजी भी भेंट की।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर मिडिल स्कूल भवन की मरम्मत और स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही बताया कि गांव के लिए 179 प्रधानमंत्री आवास मंजूर किए गए हैं, जिससे हर जरूरतमंद को घर मिल सके।
मुख्यमंत्री का यह दौरा ना सिर्फ लोगों से सीधे जुड़ने का एक प्रयास था, बल्कि यह दिखाने का भी संदेश था कि सरकार सिर्फ दफ्तरों में नहीं, गांव की धरती पर उतरकर काम कर रही है।





