छत्तीसगढ़ में विशेष पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची अपडेट, 2.34 लाख नए वोटर जुड़े, कुल संख्या 1.87 करोड़ पार

छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई है। ड्राफ्ट सूची के बाद 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाता जुड़े हैं, जबकि 1 लाख 8 हजार 807 नाम हटाए गए हैं।
हटाए गए नामों में मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। सबसे अधिक नाम रायपुर में कटे, जहां करीब 30 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। कोरबा में लगभग 15 हजार और दुर्ग में करीब 7 हजार नाम हटाए गए। वहीं नए मतदाताओं की संख्या में सबसे अधिक वृद्धि दुर्ग जिले में दर्ज की गई, जहां करीब 30 हजार नए नाम जोड़े गए।
यह अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर लगभग चार महीने तक राज्य के 33 जिलों में मिशन मोड पर चलाया गया। 27,196 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए और मृत, स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट नामों की पहचान की। इस दौरान करीब 1.84 करोड़ मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया।
23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां प्राप्त की गईं, जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। जिन मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं मिले, उनकी विधानसभा-वार सूची आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई।
हर जिले में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो प्रतियां, एक फोटोयुक्त प्रिंटेड और एक बिना फोटो सॉफ्ट कॉपी, निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाता अपने नाम की जांच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर कर सकते हैं।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नया नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। त्रुटि सुधार या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने विवरण की समय पर जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।





