छत्तीसगढ़ नामदेव पटवा समाज का प्रांतीय सम्मेलन संपन्न, भवन निर्माण के लिए मिले 31 लाख रुपए

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ नामदेव पटवा समाज का प्रांतीय वार्षिक महासम्मेलन बिलासपुर के सिंधु भवन, तोरवा चौक में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में समाज को एकजुट करने के साथ-साथ युवाओं और वरिष्ठों को जोड़ने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा और समाज के महान विभूतियों के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने समाज के भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं विशिष्ट अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने क्षेत्र से 11 लाख रुपए भवन निर्माण हेतु देने की घोषणा की। कुल मिलाकर समाज को 31 लाख रुपए की सौगात मिली, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया और आभार प्रकट किया।
सम्मेलन में युवक-युवती परिचय सम्मेलन, सामूहिक आदर्श विवाह पंजीयन, मेधावी छात्रों एवं वरिष्ठ समाजजनों का सम्मान, सामाजिक नियमों की घोषणा, और जिला इकाइयों का शपथ ग्रहण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, आपसी रिश्तों को मजबूत करना और समाज के समग्र विकास के लिए योजनाएं बनाना रहा।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया और इसे ऐतिहासिक सम्मेलन के रूप में सराहा।





