छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगात, केंद्र ने दी फिल्म सिटी के लिए 147.66 करोड़ रुपये

रायपुर: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ी मदद की है. फिल्म सिटी और सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए 147.66 करोड़ की स्वीकृति दी है. इस निर्माण कार्य से ऑइकोनिक टूरिज्म प्रोजेक्ट को छत्तीसगढ़ में अलग पहचान मिलेगी. फिल्म सिटी और सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लंबे वक्त से काम कर रहा था.

छत्तीसगढ़ में बनेगी फिल्म सिटी: केंद्र सरकार ने स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत राज्य की दो महत्वपूर्ण पर्यटन परियोजनाओं के लिए 147.66 करोड़ की राशि स्वीकृत की. 95.79 करोड़ की लागत से माना तूता रायपुर में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण होगा. 51.87 करोड़ की लागत से माना तूता रायपुर में जनजातीय और सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा.

ऑइकोनिक टूरिज्म प्रोजेक्ट को मिलेगी पहचान: छत्तीसगढ़ में इन परियोजनाओं के शुरू होने से राज्य में पर्यटन ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी। ये योजनाएं रोजगार सृजन, विकास और छत्तीसगढ़ को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।

स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना: विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से 15 अक्टूबर 2024 को दिल्ली में मुलाकात की. मुलाकात में छत्तीसगढ़ की पर्यटन गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत राजधानी रायपुर में फिल्म सिटी, कन्वेंशन सेंटर, वेलनेस रिसॉर्ट और नेचर सिटी के लिए लगभग 300 करोड़ का प्रस्ताव रखा. केंद्र ने राज्य का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया. जिसके बाद फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 147.66 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है.

विश्व पर्यटन के मानचित्र पर दिखेगा अब छत्तीसगढ़: केंद्र सररकार की इस मदद से छत्तीसगढ़ में फिल्म मेकिंग और फिल्म टूरिज्म के लिए फिल्म सिटी निर्माण के माध्यम से अपार संभावनाओं के रास्ते खुल गए हैं. छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button