छत्तीसगढ़ में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड, तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी

रायपुर। प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पूर्वी हवा के प्रभाव से बीते दिनों बनी शीतलहर की स्थिति अब लगभग समाप्त हो चुकी है। अब दिन के समय गर्मी का अहसास होने लगा है, जबकि रात और तड़के हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, राज्य का न्यूनतम तापमान जो कुछ दिन पहले 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, वह अब बढ़कर 11 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
शहरों में सुबह-सुबह हल्की ठंड के साथ हल्का कुहासा देखने को मिल रहा है, लेकिन आउटर क्षेत्रों में इसका असर अधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी हवाओं का असर अगले दो से तीन दिनों तक इसी तरह जारी रह सकता है। इसके बाद जैसे ही हवा का रुख उत्तर की ओर बदलेगा, तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अंबिकापुर और रायपुर में दिखाई दी बढ़ोतरी
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चार दिन पहले यह 6 डिग्री तक गिर गया था। इसी तरह रायपुर में भी कुछ दिन पहले 13 डिग्री के आसपास का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था, जिससे शहर में अच्छी ठंड महसूस हो रही थी। लेकिन अब ठंड का असर सुबह-सुबह ही दिख रहा है और दिन में पारा तेजी से ऊपर जा रहा है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि फिलहाल ठंड सामान्य स्थिति में है, लेकिन अगले सप्ताह उत्तर से हवा का प्रवाह बढ़ा तो फिर से सर्दी तेज हो सकती है।





