छत्तीसगढ़ बीएससी नर्सिंग 2025-26: अब 10 परसेंटाइल वाले अभ्यर्थी भी प्रवेश ले सकेंगे, अंतिम तिथि 31 दिसंबर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश नियमों में बड़ी शिथिलता देते हुए 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी प्रवेश के लिए पात्र घोषित कर दिया है। इससे बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राओं को फायदा मिलेगा, जो पहले निर्धारित कटऑफ के कारण प्रवेश से वंचित रह गए थे।

यह निर्णय भारतीय उपचर्या परिषद (INC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। दरअसल, कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 2025 के बाद भी प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई थीं।

इसी को देखते हुए परिषद ने पात्रता मानदंडों में ढील देने की अनुमति दी, ताकि रिक्त सीटों को भरा जा सके और शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह छूट केवल शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए लागू होगी। जिन अभ्यर्थियों ने सीईटी परीक्षा में न्यूनतम 10 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं, वे अब बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है, इसके बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान सत्र में प्रदेशभर में बीएससी नर्सिंग की कुल 7,811 सीटें उपलब्ध हैं। काउंसिलिंग के पहले चरण के बाद और दोबारा आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब भी 4,147 सीटें रिक्त हैं। इन्हीं खाली सीटों को भरने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सभी शासकीय और निजी नर्सिंग कॉलेजों को निर्देश जारी किए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र अभ्यर्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करें।

विभाग का कहना है कि इससे न केवल छात्रों को अवसर मिलेगा, बल्कि नर्सिंग शिक्षा में भी निरंतरता बनी रहेगी। यह फैसला खासतौर पर उन छात्रों के लिए राहत लेकर आया है, जो कम अंकों के कारण अब तक प्रवेश से वंचित थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई