बिलासपुर:जनदर्शन में बदलाव,अब स्थानीय स्तर पर होगी सुनवाई

बिलासपुर:बिलासपुर जिले में अब जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनदर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए निर्देश जारी किए हैं कि अब प्रत्येक सोमवार को जिले के सभी एसडीएम और नगर निगम के जोन कमिश्नर अपने-अपने कार्यालय या तय सार्वजनिक स्थानों पर जनदर्शन आयोजित करेंगे।
समस्याओं का त्वरित समाधान
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। नागरिक सीधे अधिकारियों को अपनी शिकायतें, समस्याएं या सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे, जिससे उन्हें त्वरित न्याय मिल सकेगा।
मंगलवार को मिलेगी कलेक्टर से राहत
यदि किसी समस्या का समाधान एसडीएम या जोन कमिश्नर के स्तर पर नहीं हो पाता है, तो संबंधित व्यक्ति मंगलवार को दोपहर 1 बजे कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी फरियाद रख सकेगा।
जनता को बड़ी राहत
यह पहल शासन की जनसुनवाई नीति को मजबूती देने के साथ पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के नागरिकों को खासा लाभ होगा, जो पहले अपनी समस्याओं को लेकर लंबी दूरी तय कर जिला कार्यालय पहुंचते थे।





