छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर सुनवाई दो हफ्ते के लिए टली

बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस अरविंद वर्मा की सिंगल बेंच में हुई सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जवाब देने के लिए समय मांगा। कोर्ट ने यह मांग मानते हुए अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद तय की।
गौरतलब है कि ईडी ने 18 जुलाई को भिलाई-3 स्थित बघेल निवास से चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन ही गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ के कथित 2100 करोड़ रुपए के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुई थी। इससे पहले चैतन्य बघेल सुप्रीम कोर्ट गए थे, जहां से निर्देश मिलने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
ईडी का दावा है कि 2019 से 2022 के बीच हुए इस घोटाले के पैसों का प्रबंधन चैतन्य बघेल ने किया था।





